हल्द्वानी में फ़र्ज़ी क्रिकेट लीग वाले विकास का गेम ओवर_32 लाख ठगे थे..

ख़बर शेयर करें

हल्द्वानी।
क्रिकेट के जुनून को कमाई का जरिया बनाकर हल्द्वानी में एक बड़ा धोखाधड़ी कांड सामने आया है। गौलापार स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित होने वाली बहुचर्चित ईवीसीएल (एपिक विक्ट्री क्रिकेट लीग) पूरी तरह फर्जी निकली। अंतरराष्ट्रीय और रणजी स्तर के खिलाड़ियों के नाम पर निवेशकों से करीब 32 लाख रुपये की ठगी की गई। चौंकाने वाली बात यह रही कि इस जालसाजी में पूर्व विधायक जैसे बड़े नाम भी ठगे गए।

मामले के उजागर होते ही नैनीताल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कथित आयोजक विकास ढाका को गिरफ्तार कर लिया है और उसके दो बैंक खातों को फ्रीज कर दिया गया है।

बड़े खिलाड़ियों के नाम पर झांसा

नैनीताल पुलिस के अनुसार, ईवीसीएल लीग के आयोजक विकास ढाका ने अंतरराष्ट्रीय और रणजी स्तर के नामी खिलाड़ियों की भागीदारी का दावा कर टीम फ्रेंचाइज़ी के नाम पर निवेश कराया। हरियाणा निवासी हेमंत शर्मा और उत्तराखंड के पूर्व विधायक नारायण पाल ने इस संबंध में थाना काठगोदाम में तहरीर दी थी, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया।

कैसे हुई ठगी

जांच में सामने आया कि विकास ढाका ने हेमंत शर्मा को ‘यूपी वॉरियर्स’ टीम की फ्रेंचाइज़ी 50 लाख रुपये बताते हुए डिस्काउंट का लालच देकर 30 लाख में सौदा तय किया और उनसे कुल 23 लाख रुपये वसूल लिए।

वहीं पूर्व विधायक नारायण पाल से ‘उत्तराखंड सोल्जर्स’ टीम के नाम पर 50 लाख की फ्रेंचाइज़ी बताकर 10 लाख की छूट का झांसा दिया गया। इसके बदले उन्होंने 3 लाख रुपये नगद और 6 लाख रुपये प्रचार-प्रसार में खर्च किए।

लीग की शुरुआत की तारीख 1 फरवरी 2026 तय की गई थी, लेकिन न तो टूर्नामेंट शुरू हुआ और न ही कोई ठोस तैयारी दिखाई दी। जब कथित अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों से संपर्क किया गया, तो उन्होंने लीग के बारे में पूरी तरह अनभिज्ञता जताई।

ना टीमों की ड्रेस बनी, ना आधिकारिक लोगो और ना ही प्रचार सामग्री – जिससे यह साफ हो गया कि पूरा आयोजन पूर्व नियोजित धोखाधड़ी था।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई

एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर, एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और सीओ हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष काठगोदाम विमल मिश्रा के नेतृत्व में गठित टीम ने 6 फरवरी को अभियुक्त विकास ढाका को मल्ला काठगोदाम से गिरफ्तार कर लिया। उसके खातों में संदिग्ध लेनदेन मिलने पर उन्हें तुरंत फ्रीज कर दिया गया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी पहले से ही क्रिकेट लीग के नाम पर मोटी रकम हड़पने की नीयत से सक्रिय था। मामले में आगे की जांच जारी है।

पुलिस की अपील

नैनीताल पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी बड़े आयोजन या निवेश से पहले उसकी प्रामाणिकता की पूरी जांच अवश्य करें, ताकि इस तरह की ठगी से बचा जा सके।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -

👉 Join our WhatsApp Group

👉 Subscribe our YouTube Channel

👉 Like our Facebook Page

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *