कैंचीधाम की ट्रैफिक समस्या का मास्टर प्लान से होगा समाधान! मुख्य सचिव ने दिए निर्देश

ADVERTISEMENTS Ad Ad
ख़बर शेयर करें


मुख्य सचिव ने कैंचीधाम की यातायात एवं बुनियादी व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों के साथ की महत्वपूर्ण बैठक, मास्टर प्लान तैयार करने के दिए निर्देश

मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने मंगलवार को सचिवालय में एक अहम बैठक कर नैनीताल जनपद स्थित प्रसिद्ध आध्यात्मिक स्थल कैंचीधाम में पर्यटकों की बढ़ती भीड़ और यातायात संबंधी चुनौतियों को लेकर अधिकारियों से गहन चर्चा की। यह बैठक वर्चुअल माध्यम से भी आयोजित की गई, जिसमें कुमाऊँ आयुक्त, जिलाधिकारी नैनीताल, आईजी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल सहित अन्य अधिकारी जुड़े।

मुख्य सचिव ने बैठक में स्पष्ट रूप से कहा कि कैंचीधाम में सप्ताहांत के दौरान लगने वाले भीषण जाम की समस्या से निजात पाने के लिए व्यापक रणनीति और दीर्घकालिक योजना (मास्टर प्लान) तैयार करना आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मंदिर क्षेत्र की मुख्य सड़क का चौड़ीकरण व सुधार कार्य शीघ्र आरंभ किया जाए। इस कार्य के लिए ‘मिसिंग लिंक’ योजना के अंतर्गत बजट उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया गया।

मुख्य सचिव ने कहा कि आगामी वर्षों में श्रद्धालुओं की संख्या में तीव्र वृद्धि की संभावना को देखते हुए कैंचीधाम के लिए सुनियोजित विकास आवश्यक है। इसके लिए जिलाधिकारी को मास्टर प्लान तैयार करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही, उन्होंने स्थानीय निवासियों के लिए वैकल्पिक मार्गों को मजबूत करने, नए पार्किंग स्थलों की पहचान व विकास तथा शटल सेवा की व्यवस्थित व्यवस्था की आवश्यकता जताई।

उन्होंने यह भी कहा कि ट्रैफिक कंट्रोल और भीड़ प्रबंधन हेतु एक ठोस मोबिलिटी प्लान तैयार किया जाए, जिसे प्रभावी ढंग से लागू किया जाना भी सुनिश्चित किया जाए।

तकनीकी साधनों के उपयोग पर विशेष जोर

मुख्य सचिव बर्द्धन ने पार्किंग स्थलों, मार्गों और अन्य यात्री सुविधा केंद्रों पर डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड, सीसीटीवी कैमरे, और वन-वे ट्रैफिक सिस्टम जैसे तकनीकी उपायों को अपनाने की बात कही। इससे यात्री मार्गदर्शन और ट्रैफिक कंट्रोल दोनों में मदद मिलेगी।

बैठक में जिलाधिकारी वंदना ने जानकारी दी कि ट्रैफिक की समस्या को कम करने के लिए कई परियोजनाएं प्रस्तावित की गई हैं। दुनिखाल से रातीघाट मोटर मार्ग निर्माण हेतु वन भूमि हस्तांतरण का प्रस्ताव भारत सरकार को भेजा गया है। स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। साथ ही, भवाली बाईपास पर मोटर पुल का निर्माण कार्य चल रहा है।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में भवाली व भीमताल से वीकेंड शटल सेवा भी शुरू की गई है, और इसे और अधिक सशक्त व नियमित किए जाने की योजना है। कैंचीधाम मंदिर के सामने स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग के 500 मीटर भाग को चौड़ा करने का सुझाव भी उन्होंने रखा, जिस पर मुख्य सचिव ने सचिव लोक निर्माण विभाग को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने हल्द्वानी-नैनीताल रोपवे को भवाली व कैंचीधाम से जोड़ने, शटल सेवा में सुधार, और भवाली से कैंची तक मास्टर प्लान तैयार करने संबंधी कई महत्वपूर्ण सुझाव रखे, जिन्हें मुख्य सचिव ने गंभीरता से संज्ञान में लिया।

अनियोजित विकास पर रोक लगाने की सिफारिश

कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत ने कैंचीधाम क्षेत्र में अनियोजित विकास की रोकथाम के लिए इसे विकास प्राधिकरण क्षेत्र में सम्मिलित करने का सुझाव दिया। साथ ही, रामगढ़ बाईपास चौड़ीकरण और ब्रिटिश कालीन मार्ग के जीर्णोद्धार की आवश्यकता भी बताई।

पुलिस प्रशासन की तैयारियाँ

वीसी में उपस्थित आईजी कुमाऊं रिद्धिम अग्रवाल ने ट्रैफिक व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और शटल सेवाओं के संचालन की स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि पुलिस विभाग द्वारा भीड़ प्रबंधन और रूट डायवर्जन हेतु विशेष तैयारियां की जा रही हैं।

बैठक में सचिव शैलेश बगोली, सचिव डॉ. पंकज कुमार पाण्डे, एसएसपी नैनीताल प्रहलाद सिंह मीणा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Ad Ad Ad Ad Ad
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -

👉 Join our WhatsApp Group

👉 Subscribe our YouTube Channel

👉 Like our Facebook Page