उत्तराखंड में विधायकों को 5-5 करोड़,सड़क-पुल-पर्यटन परियोजनाओं को हरी झंडी

ADVERTISEMENTS Ad Ad
ख़बर शेयर करें

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के विकास को गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए विधायक निधि योजनान्तर्गत कुल 350 करोड़ रुपये की धनराशि जारी करने का अनुमोदन प्रदान किया है। यह राशि राज्य के 70 माननीय विधायकों को उनके विधानसभा क्षेत्रों में स्थानीय विकास कार्यों के लिए 500 लाख रुपये प्रति विधायक की दर से अनुदान के रूप में प्रदान की जाएगी।

यह अनुदान सामान्य, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्गों के लिए क्रमशः 78%, 19% एवं 3% के अनुपात में वितरित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने यह स्पष्ट किया कि यह राशि प्रदेश के समग्र और संतुलित विकास में सहायक सिद्ध होगी, जिससे स्थानीय स्तर पर अवस्थापना सुविधाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क निर्माण तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं को बल मिलेगा।

राज्य योजना के अंतर्गत विभिन्न विकास कार्यों को मिली स्वीकृति

मुख्यमंत्री धामी ने राज्य योजना के अंतर्गत कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों के लिए भी धनराशि के अनुमोदन को मंजूरी दी है, जो कि राज्य के विभिन्न जिलों में स्थानीय बुनियादी ढांचे को मजबूती प्रदान करेंगे।

पौड़ी गढ़वाल जिला:
पौड़ी विधानसभा क्षेत्र में देहलचौरी मोटर मार्ग से चामापानी, धौलकंडी होते हुए कांडा मंदिर तक नए मोटर मार्ग के निर्माण के लिए 3.71 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। यह मार्ग क्षेत्रवासियों की आवाजाही को सुगम बनाएगा और पर्यटन को भी बढ़ावा देगा।

हरिद्वार जिला:
हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में पथरी से बहादराबाद मार्ग पर सुकरासा गांव के पास पथरी रोह नदी पर 36 मीटर लंबे प्री-स्ट्रेस आरसीसी पुल के निर्माण के लिए 5.44 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। इस पुल से ग्रामीणों को वर्षभर निर्बाध परिवहन सुविधा प्राप्त होगी।

रुद्रप्रयाग जिला:
अगस्तमुनि विकासखंड में खांकरा-छातीखाल मोटर मार्ग के पहले पांच किलोमीटर में डीबीएम और बीसी द्वारा सड़क सुदृढ़ीकरण एवं सुरक्षा कार्य हेतु 4.45 करोड़ रुपये तथा उखीमठ विकासखंड में पंचकेदार मस्ता मदमहेश्वर मंदिर तक जाने वाले पैदल मार्ग पर झूला पुल निर्माण के लिए 7.28 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। यह कार्य धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में एक अहम कदम है।

टिहरी गढ़वाल जिला:
प्रतापनगर विधानसभा क्षेत्र में स्यालगी-जुलाडगांव-डोडक-थापला मोटर मार्ग के सुधारीकरण और डामरीकरण के लिए 3.61 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है, जिससे स्थानीय लोगों को बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी।

ऊधमसिंह नगर जिला:
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत मानपुर-काशीपुर आवासीय परियोजना में विद्युत आपूर्ति के लिए 2.18 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इससे काशीपुर क्षेत्र में आवास योजना को गति मिलेगी और लोगों को मूलभूत सुविधा उपलब्ध होगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है और प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप विकास योजनाओं को लागू किया जा रहा है। इन स्वीकृतियों से जहां क्षेत्रीय विकास को बल मिलेगा, वहीं जनता को भी मूलभूत सुविधाएं प्राप्त होंगी।

Ad Ad Ad Ad Ad
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -

👉 Join our WhatsApp Group

👉 Subscribe our YouTube Channel

👉 Like our Facebook Page