गौलापार में टाटा का पहला बिग बॉस्केट शुरू, अब किसानों को बिचौलियों की जरूरत नहीं

ख़बर शेयर करें

किसानों को मिलेगा सीधा बाजार

गौलापार केंद्र से नैनीताल, चंपावत और ऊधम सिंह नगर के किसानों से फार्मगेट पर होगी फल-सब्जियों की खरीद

Haldwani – उत्तराखंड के किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए टाटा समूह की ऑनलाइन ग्रॉसरी कंपनी BigBasket ने गौलापार (हल्द्वानी) में अपना पहला कलेक्शन सेंटर शुरू किया है। इससे कुमाऊं क्षेत्र के किसानों को सीधे बाजार से जुड़ने का अवसर मिलेगा।

यह पहल सेतु आयोग के समन्वय से कृषि एवं उद्यान विभाग तथा उत्तराखंड हॉर्टिकल्चर बोर्ड के साथ प्रारम्भिक वार्ता के बाद शुरू की गई। इस अवसर पर सेतु आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष राजशेखर जोशी ने कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि यह केंद्र किसानों की आय बढ़ाने और कृषि मूल्य श्रृंखला को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

कार्यक्रम में बिगबास्केट के चीफ बाइंग एंड मर्चेंडाइजिंग ऑफिसर शिशु कुमार तिरुमाला तथा नेशनल कैटेगरी हेड (फल एवं सब्जी) विनोद कुमार M N भी मौजूद रहे। उन्होंने किसानों को कंपनी की खरीद नीति, गुणवत्ता मानकों, ग्रेडिंग प्रक्रिया तथा आपूर्ति प्रणाली की जानकारी दी। बताया कि कलेक्शन सेंटर के माध्यम से किसान सीधे सप्लायर के रूप में जुड़ सकेंगे, जिससे उन्हें पारदर्शी मूल्य निर्धारण, समय पर भुगतान और सुनिश्चित बाजार उपलब्ध होगा।

उन्होंने बताया कि गौलापार स्थित यह केंद्र नैनीताल, चंपावत और ऊधम सिंह नगर जिलों के किसानों से फार्मगेट स्तर पर फल एवं सब्जियों की खरीद करेगा। इससे किसानों की परिवहन लागत कम होगी और उन्हें बेहतर मूल्य मिल सकेगा। साथ ही उत्पादों की ग्रेडिंग, संग्रहण और त्वरित आपूर्ति के माध्यम से दिल्ली-एनसीआर जैसे बड़े बाजारों तक पहुंच सुनिश्चित की जाएगी।

बिगबास्केट के चीफ बिजनेस ऑफिसर शिशु कुमार ने कहा कि उत्तराखंड में उच्च गुणवत्ता वाले और ऑर्गेनिक उत्पादों की व्यापक संभावनाएं हैं। यह पहल किसानों को सीधे उपभोक्ताओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

कार्यक्रम के दौरान जानकारी दी गई कि अगले चरण में कुमाऊं के रामगढ़ क्षेत्र के साथ ही चंबा और टिहरी में भी नए कलेक्शन सेंटर खोलने की योजना है, जिससे अधिक से अधिक किसानों को सीधे बाजार से जुड़ने का अवसर मिल सकेगा।

Ad
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -

👉 Join our WhatsApp Group

👉 Subscribe our YouTube Channel

👉 Like our Facebook Page

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *