आजादी के 75 साल बाद नदगल गांव पहुंचेगी सड़क

ख़बर शेयर करें

धारी। आजादी के बाद से सड़क का इंतजार कर रहे धारी ब्लॉक के महतोलियागांव-नदगल के ग्रामीणों के लिए सोमवार का दिन उम्मीद और खुशी लेकर आया। वर्षों से सड़क की मांग कर रहे ग्रामीणों के गांव तक अब मोटर मार्ग पहुंचेगा। क्षेत्रीय विधायक एवं मंत्री राम सिंह कैड़ा ने मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत मोटर मार्ग के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।

सड़क नहीं होने के कारण गांव के लोगों को लंबे समय से भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। गांव से मुख्य सड़क तक सामान पहुंचाने के लिए ग्रामीणों को पैदल चलना पड़ता था। गंभीर रूप से बीमार मरीजों को कभी कंधे पर तो कभी घोड़े के सहारे मुख्य मार्ग तक पहुंचाना पड़ता था। किसानों की परेशानी भी कम नहीं थी। खेतों में तैयार उपज को मंडी तक पहुंचाने में मिलने वाली आमदनी का बड़ा हिस्सा किराये-भाड़े में ही खर्च हो जाता था।

ग्रामीणों ने बताया कि सड़क निर्माण के लिए उन्होंने पूर्व में कई जनप्रतिनिधियों के सामने अपनी मांग रखी, लेकिन वर्षों तक उनकी समस्या का समाधान नहीं हो सका। इसके बाद ग्रामीणों ने मंत्री राम सिंह कैड़ा के सामने अपनी पीड़ा रखी और गांव को सड़क से जोड़ने की मांग की।

मंत्री कैड़ा ने ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए पहले मोटर मार्ग निर्माण के लिए वन एवं पर्यावरण विभाग से आवश्यक स्वीकृति दिलाई। इसके बाद मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत विभागीय अधिकारियों को डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए गए। मंत्री ने मुख्यमंत्री से सड़क निर्माण के लिए बजट स्वीकृत करने का अनुरोध किया, जिसके बाद शासन से धनराशि स्वीकृत हुई और अब निर्माण कार्य धरातल पर शुरू हो गया है।

निर्माण कार्य का शुभारंभ करते हुए मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि मोटर मार्ग बनने के बाद ग्रामीणों की वर्षों पुरानी परेशानी दूर होगी। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है कि क्षेत्र का कोई भी गांव सड़क सुविधा से वंचित न रहे और इसी दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।

सड़क निर्माण शुरू होने से ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने मंत्री राम सिंह कैड़ा का फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत कर आभार जताया। ग्रामीणों ने कहा कि जिस सड़क का वे वर्षों से इंतजार कर रहे थे, उसका निर्माण शुरू होना उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा है।

कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष कृष्ण चंद्र, ब्लॉक प्रमुख भावना आर्य, पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख जीवन बर्गली, ललित मोहन शर्मा, प्रकाश चंद्र नानू, निर्मल बर्गली, अनिल कुमार, विवेक डंगवाल सहित ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Ad Ad Ad Ad
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -

👉 Join our WhatsApp Group

👉 Subscribe our YouTube Channel

👉 Like our Facebook Page

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *