मीडिया सेंटर का नाम स्व. गिरिजा शंकर जोशी के नाम पर रखने का प्रस्ताव

ख़बर शेयर करें

स्व. गिरिजा शंकर जोशी का असमय निधन हम सभी के लिए अपूरणीय क्षति : मुख्यमंत्री धामी

हल्द्वानी,
जिला सूचना अधिकारी स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी के असमय निधन से पत्रकारिता और सूचना विभाग से जुड़े लोगों में गहरा शोक है। सोमवार को मीडिया सेंटर हल्द्वानी में आयोजित शोकसभा में पत्रकारों, सूचना विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वर्गीय जोशी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके सरल, सहज और कर्मठ व्यक्तित्व को याद किया।

शोकसभा को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दूरभाष के माध्यम से संबोधित किया। उन्होंने स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि उनका इस तरह असमय चले जाना बेहद पीड़ादायक है। मुख्यमंत्री ने कहा,“ऐसा कभी सोचा भी नहीं था कि इस तरह श्रद्धांजलि देनी पड़ेगी। गिरिजा शंकर जोशी जी हर समय खड़े रहने वाले और निरंतर काम करने वाले व्यक्ति थे। उनका इस तरह असमय चले जाना बेहद दुःखद है। मैं व्यक्तिगत रूप से बहुत आहत हूं।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय जोशी का निधन केवल उनके परिवार की ही नहीं, बल्कि हम सभी के लिए बड़ी क्षति है। उन्होंने कहा कि व्यक्ति भले ही इस संसार से चला जाता है, लेकिन उसके कार्य, व्यवहार और लोगों के बीच बनाई गई पहचान हमेशा जीवित रहती है। स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी ने अपने कार्य और व्यवहार से जो सम्मान अर्जित किया, वह लंबे समय तक स्मरण किया जाता रहेगा।

मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार इस कठिन समय में परिवार के साथ खड़ी है और भविष्य में भी हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि स्वर्गीय जोशी की स्मृतियों और उनके उल्लेखनीय कार्यों को आने वाली पीढ़ियों तक याद रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने पर सभी से विचार-विमर्श किया जाएगा।

नवीन मीडिया सेंटर का नाम स्व. जोशी के नाम पर रखने का प्रस्ताव

श्रद्धांजलि सभा के दौरान उपस्थित पत्रकारों ने मुख्यमंत्री से सामूहिक रूप से आग्रह किया कि हल्द्वानी में निर्माणाधीन नवीन मीडिया सेंटर का नाम स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी के नाम पर रखा जाए। पत्रकारों ने कहा कि यह स्व. जोशी की सेवाओं और उनकी स्मृतियों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

मुख्यमंत्री धामी ने इस प्रस्ताव पर सकारात्मक आश्वासन देते हुए कहा कि स्वर्गीय जोशी की स्मृतियों और उनके अच्छे कार्यों को आने वाले समय में भी स्मरणीय बनाए रखने के लिए सभी संबंधित लोगों से विचार-विमर्श कर उचित निर्णय लिया जाएगा।

शोकसभा के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने भी ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति दें।

श्रद्धांजलि सभा में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टी.सी., दर्जा राज्य मंत्री ध्रुव रौतेला, मीडिया कोऑर्डिनेटर कमलेश भट्ट, अपर जिलाधिकारी विवेक राय, उपजिलाधिकारी रेखा कोहली, कोषाधिकारी द्वारिका प्रसाद वर्मा, सूचना अधिकारी मीडिया सेंटर अहमद नदीम सहित पत्रकारगण तथा सूचना विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Ad Ad Ad Ad
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -

👉 Join our WhatsApp Group

👉 Subscribe our YouTube Channel

👉 Like our Facebook Page

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *