पंत विश्वविद्यालय की महिला प्रोफेसर ने SSP से मांगी सुरक्षा, उत्पीड़न का आरोप लगाया..


पंतनगर विश्वविद्यालय में नियमों के खिलाफ आवाज उठाना एक वरिष्ठ महिला प्रोफेसर को भारी पड़ने का आरोप सामने आया है। पशु चिकित्सा महाविद्यालय की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. मृदुला शर्मा ने दो वरिष्ठ अधिकारियों पर मानसिक उत्पीड़न, डराने-धमकाने और प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।

पंतनगर- गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्याल प्रशासन से लगातार शिकायत करने के बावजूद जब कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई, तो एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. मृदुला शर्मा ने मजबूर होकर अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए पुलिस प्रशासन का दरवाजा खटखटाया है।
यहाँ पन्तनगर विश्वविद्यालय के पशु चिकित्सा महाविद्यालय में कार्यरत डॉ. मृदुला शर्मा ने इस संबंध में 11 नवंबर 2026 को ऊधम सिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को एक लिखित प्रार्थना पत्र सौंपा है। अपने पत्र में उन्होंने विश्वविद्यालय के पशु महाविद्यालय के दो वरिष्ठ अधिकारियों, डॉ. डी. कुमार और डॉ. प्रकाश भट्ट पर उनके साथ अनुचित व्यवहार करने, डराने-धमकाने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।
डॉ. शर्मा का कहना है कि संस्थागत प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और नियमों के अनुपालन की मांग करना उनके लिए भारी पड़ गया है, जिसके चलते वे लगातार मानसिक तनाव और असुरक्षा के साये में जी रही हैं।
बीते वर्ष 2004 से विश्वविद्यालय में सेवाएं दे रहीं डॉ. शर्मा का कहना है कि लंबे समय से जारी इन परिस्थितियों ने उनकी व्यक्तिगत गरिमा, मानसिक शांति, स्वास्थ्य और उनके शैक्षणिक दायित्वों को गहरे तौर पर प्रभावित किया है।
एक वरिष्ठ प्राध्यापक के रूप में संस्थान में नियमों की पालना की अपेक्षा करना उनका अधिकार है, लेकिन सक्षम अधिकारियों के समक्ष बार-बार गुहार लगाने के बावजूद उन्हें न्याय नहीं मिल सका है। उन्होंने अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए पुलिस से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर निष्पक्ष जांच और कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
इस पूरे प्रकरण ने उच्च शिक्षण संस्थानों में प्रशासनिक पारदर्शिता, महिला कर्मचारियों की गरिमा और शिकायतकर्ताओं की सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
गौरतलब है इससे पहले भी डॉ. डी. कुमार की डीन पद पर हुई नियुक्ति को लेकर नियमों के विपरीत होने के आरोप लगे थे और वह विवादों में रहे थे, जिस पर न तो विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से कोई संतोषजनक जवाब दिया गया और न ही कोई ठोस कार्रवाई की गई।




लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
GKM News is a reliable digital medium of latest news updates of Uttarakhand. Contact us to broadcast your thoughts or a news from your area. Email: newsgkm@gmail.com


पंत विश्वविद्यालय की महिला प्रोफेसर ने SSP से मांगी सुरक्षा, उत्पीड़न का आरोप लगाया..
हल्द्वानी _अस्पताल में गर्भवती महिला की मौत से भड़का गुस्सा, परिजन धरने पर बैठे, एसपी सिटी मौके पर
अस्पताल हत्याकांड में बड़ा एक्शन_ मुख्य आरोपी विकास एनकाउंटर में …
छठ पूजा_ 15-16 नवम्बर को हल्द्वानी में बदलेगा यातायात, इन रास्तों से होकर गुजरेंगे वाहन
गौला-नंधौर में खनन कारोबार से जुड़े 481 वाहनों की ओनरशिप ट्रांसफर..