भारी बारिश का अलर्ट_ उत्तराखंड के इन जिलों में छुट्टी का आदेश जारी

ख़बर शेयर करें

उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा 6 अगस्त के लिए जारी ऑरेंज अलर्ट के बाद एहतियातन देहरादून, चमोली और बागेश्वर जिलों में कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी सरकारी, गैर-सरकारी और निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में गुरुवार, 6 अगस्त 2026 को एक दिन का अवकाश घोषित कर दिया गया है।

मौसम विभाग और राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) के पूर्वानुमान के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान इन जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश, तेज गर्जना, आकाशीय बिजली और कहीं-कहीं अत्यधिक तीव्र वर्षा होने की संभावना है। संभावित प्राकृतिक आपदाओं और बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिला प्रशासन ने यह फैसला लिया है।

देहरादून के जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने आदेश जारी कर जनपद के सभी शैक्षणिक संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों में 6 अगस्त को अवकाश घोषित किया है। मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।

इसी तरह चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार ने भी मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए जिले के सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया है। वहीं बागेश्वर के प्रभारी जिलाधिकारी एन.एस. नबियाल ने भी ऑरेंज अलर्ट के मद्देनज़र स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने के आदेश जारी करते हुए निर्देशों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी है।

जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहें तथा मौसम विभाग और प्रशासन द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें। बच्चों की सुरक्षा और जनहित को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।

Ad
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -

👉 Join our WhatsApp Group

👉 Subscribe our YouTube Channel

👉 Like our Facebook Page

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *