हल्द्वानी/नैनीताल : शराब की दुकानों पर आबकारी विभाग की छापेमारी..

ख़बर शेयर करें

हल्द्वानी /नैनीताल

खटीमा में संदिग्ध शराब सेवन से हुई दो मौतों के बाद नैनीताल जिला प्रशासन और आबकारी विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देशानुसार शुक्रवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में आबकारी विभाग द्वारा नियमित प्रवर्तन एवं गुणवत्ता नियंत्रण अभियान के तहत शराब की दुकानों पर व्यापक छापेमारी की गई।

FL-2 अनुज्ञापनों सहित कई दुकानों का निरीक्षण

6 फरवरी को अभियान के दौरान हल्द्वानी समेत जिले के अन्य क्षेत्रों में संचालित मदिरा दुकानों और FL-2 (बार लाइसेंस) का निरीक्षण किया गया। टीम ने विभिन्न ब्रांड की मदिरा की उपलब्धता, भंडारण व्यवस्था, स्टॉक रजिस्टर, बिक्री प्रक्रिया और वैधता की गहन जांच की।

उपभोक्ताओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आबकारी विभाग ने विभिन्न मदिरा ब्रांड्स के नमूने विधिवत सील कर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे। पूरी कार्यवाही आबकारी अधिनियम एवं विभागीय दिशा-निर्देशों के तहत शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न की गई।

अवैध शराब पर कसा जाएगा शिकंजा

आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध, मिलावटी अथवा संदिग्ध मदिरा के विक्रय पर शून्य सहनशीलता अपनाई जाएगी और आगे भी इस तरह के निरीक्षण एवं प्रवर्तन अभियान लगातार जारी रहेंगे।

संदिग्ध पेय पीने से दो की मौत

प्राप्त जानकारी के अनुसार 6 फरवरी की देर रात खटीमा कोतवाली क्षेत्र के कंजाबाग रोड पर शराब सेवन के बाद एक व्यक्ति की मौत और दो अन्य के गंभीर रूप से बीमार होने की सूचना मिली।

कोतवाल विजेंद्र शाह के अनुसार, कंजाबाग निवासी डिल्लू राणा (52) को खटीमा उप जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं सत्रहमील निवासी प्रवेश राणा और मलकीत सिंह राणा की हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर बरेली रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान मलकीत सिंह की भी मौत हो गई।

मिथाइल अल्कोहल जैसी गंध, जहरीले पदार्थ की आशंका

खटीमा उप जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. वी.पी. सिंह ने बताया कि पीड़ितों से तीव्र मिथाइल अल्कोहल जैसे रसायन की गंध आ रही थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गाड़ी में रखी एक बोतल में संदिग्ध रासायनिक तरल था, जिसे पानी समझकर शराब में मिलाकर पी लिया गया।

फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रहे हैं।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -

👉 Join our WhatsApp Group

👉 Subscribe our YouTube Channel

👉 Like our Facebook Page

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *