स्वच्छ जल, स्वच्छ मन: निरंकारी मिशन के ‘प्रोजेक्ट अमृत’ के तहत सफाई अभियान

संत निरंकारी मिशन की सेवा भावना और मानव कल्याण के संकल्प को साकार करते हुए ‘प्रोजेक्ट अमृत’ के तहत ‘स्वच्छ जल, स्वच्छ मन’ परियोजना का शुभारंभ किया गया। इस अभियान का उद्देश्य जल संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाना है, ताकि भावी पीढ़ियों को निर्मल जल और स्वस्थ पर्यावरण का वरदान मिल सके।
23 फरवरी 2025, रविवार को परम श्रद्धेय सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज और सत्कार योग्य निरंकारी राजपिता रमित जी के पावन आशीर्वाद से उत्तराखंड राज्य सरकार के दर्जा राज्यमंत्री माननीय श्री दिनेश आर्या जी ने चित्रशिला घाट, गार्गी नदी और विद्युत शवदाह गृह पर सफाई अभियान का शुभारंभ किया। इस मौके पर जोनल इंचार्ज जोन 57 नैनीताल, श्री जसविंदर सिंह जी ने माननीय मंत्री जी का स्वागत किया।
माननीय मंत्री जी ने निरंकारी मिशन के सफाई अभियान की प्रशंसा करते हुए कहा कि जिस तरह हम अपने घरों की सफाई करते हैं, ठीक उसी तरह इस पूरे घाट की सफाई में लगभग 500 स्वयंसेवकों ने पूर्ण समर्पण के साथ सेवा की। यह कार्यक्रम बाबा हरदेव सिंह जी के जन्मदिन की उपलक्ष्य में पूरे समाज को समर्पित किया गया।
‘प्रोजेक्ट अमृत’: जल संरक्षण और स्वच्छता की दिव्य पहल
संत निरंकारी मिशन ने बाबा हरदेव सिंह जी महाराज की प्रेरणादायक शिक्षाओं को आत्मसात करते हुए वर्ष 2023 में संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से ‘प्रोजेक्ट अमृत’ का शुभारंभ किया था। इस पहल का उद्देश्य न केवल जल स्रोतों की स्वच्छता सुनिश्चित करना है, बल्कि जल संरक्षण को मानव जीवन का अभिन्न अंग बनाने की सोच को विकसित करना भी है।
नदियों, झीलों, तालाबों, कुओं और झरनों जैसे प्राकृतिक जल स्रोतों की स्वच्छता एवं संरक्षण को समर्पित इस महाअभियान ने अपने पहले दो चरणों में अभूतपूर्व सफलता प्राप्त की है। इस वर्ष तृतीय चरण को और अधिक व्यापक, प्रभावी एवं दूरगामी दृष्टि से आगे बढ़ाया गया है।
देशभर में 900 शहरों में एक साथ आयोजित होगा अभियान
संत निरंकारी मंडल के सचिव आदरणीय श्री जोगिंदर सुखीजा जी ने बताया कि यह वृहद अभियान देशभर में 27 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों के 900 से अधिक शहरों में 1600 से भी अधिक स्थानों पर एक साथ आयोजित किया जाएगा। इस महाअभियान की यह अभूतपूर्व व्यापकता इसे एक ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान करेगी, जिससे जल संरक्षण एवं स्वच्छता का संदेश और अधिक प्रभावशाली रूप से जन-जन तक पहुंचेगा।
सतगुरु माता सुदीक्षा जी का संदेश
सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज अक्सर यही प्रेरणा देती हैं कि हम इस धरती को और भी अधिक सुंदर स्वरूप में छोड़कर जाएं। यह अभियान उसी संकल्प का एक साकार स्वरूप है, जो समाज को जागरूकता, सेवा और समर्पण की दिशा में आगे बढ़ाने का कार्य करेगा।
आभार व्यक्त
अंत में, संत निरंकारी मिशन हल्द्वानी ब्रांच के संयोजक श्री आनंद सिंह नेगी ने जिलाधिकारी महोदय नैनीताल, उप जिलाधिकारी महोदय हल्द्वानी, सिटी मजिस्ट्रेट महोदय हल्द्वानी, तहसीलदार महोदय हल्द्वानी, नगर निगम मेयर हल्द्वानी और उनकी टीम, स्थानीय पुलिस प्रशासन और निरंकारी सेवादल के भाई-बहनों को कार्यक्रम को सफल बनाने में दिए गए सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
यह अभियान न केवल पर्यावरण को स्वच्छ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि समाज में सेवा और समर्पण की भावना को भी मजबूत करता है।


लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -

GKM News is a reliable digital medium of latest news updates of Uttarakhand. Contact us to broadcast your thoughts or a news from your area. Email: [email protected]