“रन फॉर अवेयरनेस” रैली को मुख्यमंत्री ने दिखाई हरी झंडी

ख़बर शेयर करें

हल्द्वानी। नशामुक्त उत्तराखंड अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित ‘रन फॉर अवेयरनेस’ रैली का शुभारंभ रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर हजारों की संख्या में युवा, छात्र-छात्राएं, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

एमबी इंटर कॉलेज मैदान से रवाना हुई इस रैली से पूर्व मुख्यमंत्री ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह दौड़ केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि एक स्वस्थ, समृद्ध और नशे से मुक्त उत्तराखंड के निर्माण का संकल्प है। उन्होंने कहा कि जब युवा आगे बढ़ते हैं, तो समाज और राष्ट्र भी प्रगति करता है।

“नशा एक साइलेंट वार”

मुख्यमंत्री ने कहा कि नशा एक “साइलेंट वार” की तरह समाज में फैल रहा है, जिसका सबसे बड़ा शिकार युवा वर्ग बन रहा है। उन्होंने चेताया कि मजाक-मजाक में शुरू हुआ नशा जीवन और परिवार दोनों को संकट में डाल देता है। इसलिए समय रहते जागरूकता और संकल्प आवश्यक है।

नशामुक्त भारत अभियान से मिली प्रेरणा

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्ष 2020 में शुरू किए गए ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ से प्रेरित होकर राज्य सरकार मिशन मोड में कार्य कर रही है। वर्ष 2022 में गठित एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने हजारों आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किए हैं।

राज्य में एडिक्शन ट्रीटमेंट फैसिलिटी (एटीएफ) केंद्र संचालित किए जा रहे हैं और सभी सरकारी मेडिकल कॉलेजों में भी इनकी स्थापना की जा रही है। युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के लिए ‘दगड़िया क्लब’ भी गठित किए गए हैं।

युवाओं से लिया नशामुक्ति का संकल्प

मुख्यमंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि नशे के खिलाफ यह लड़ाई केवल कानून से नहीं, बल्कि समाज और युवाओं की सक्रिय भागीदारी से जीती जा सकती है। उन्होंने सभी को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड अपनी आध्यात्मिक परंपरा, सांस्कृतिक मूल्यों और ऊर्जावान युवा शक्ति के लिए प्रसिद्ध है। यदि युवा सही दिशा में आगे बढ़ें, तो वे पूरे भारत के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

इस अवसर पर डॉ. स्वामी रामेश्वरम हरि जी, डॉ. हरीश रौतेला, श्याम अग्रवाल, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, मेयर गजराज सिंह बिष्ट, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रताप बिष्ट, भारत भूषण, डॉ. अशोक पाल, किसान आयोग के उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह नामधारी, शंकर कोरंगा, शांति महरा, डॉ. अनिल कपूर डब्बू, रेनू अधिकारी, ध्रुव रौतेला, सुरेश भट्ट और पूर्व मेयर योगेंद्र सिंह रौतेला सहित आयुक्त कुमाऊं एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल और एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और युवा उपस्थित रहे।

Ad
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -

👉 Join our WhatsApp Group

👉 Subscribe our YouTube Channel

👉 Like our Facebook Page

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *