ट्रैप टीम के जाल में फंसा रिश्वतखोर लेखपाल..


उत्तराखंड : विजिलेंस ने भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। लक्सर में चकबंदी लेखपाल सुभाष कुमार को विजिलेंस ने शुक्रवार को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। लेखपाल पीड़ित से भूमि की सीमा में संशोधन के नाम पर यह रिश्वत ले रहा था।
विजिलेंस ने आरोपी सुभाष कुमार के घर पर भी तलाशी की है। आरोपी को शनिवार को स्पेशल विजिलेंस कोर्ट में पेश किया जाएगा।
विजिलेंस से मिली जानकारी के अनुसार लेखपाल सुभाष कुमार इस वक्त कानूनगो का काम भी देख रहा है। लक्सर निवासी पीड़ित की भूमि की सीमा में संशोधन होना था। इसके लिए वह लगातार लक्सर चकबंदी कार्यालय के चक्कर काट रहे थे।
दो दिन पहले उन्होंने लेखपाल सुभाष कुमार से मुलाकात की। सुभाष ने रिश्वत लेकर काम करने की बात कही। शुरुआत में उनसे 40 हजार रुपये रिश्वत मांगी गई। इसके बाद बात 20 हजार रुपये पर तय हो गई।पीड़ित रिश्वत नहीं देना चाहता था तो उन्होंने विजिलेंस से शिकायत कर दी। सुभाष कुमार ने पीड़ित को शुक्रवार को रिश्वत लेकर कार्यालय बुलाया। उनके पीछे से गई विजिलेंस की ट्रैप टीम ने सुभाष कुमार को रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।
निदेशक विजिलेंस डॉ. वी मुरुगेशन ने बताया कि आरोपी को शनिवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा। उसके घर व कार्यालय में तलाशी की जा रही है। कुछ दस्तावेज व अन्य सामग्री मिली है जिनकी जांच की जा रही है।


लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -

GKM News is a reliable digital medium of latest news updates of Uttarakhand. Contact us to broadcast your thoughts or a news from your area. Email: newsgkm@gmail.com