राजपुरा में नशे के खिलाफ फूटा गुस्सा, पुलिस चौकी का घेराव_तस्करों के ठिकानों तक पहुंचे पार्षद


हल्द्वानी के राजपुरा में बढ़ते अवैध नशे के कारोबार को लेकर लोगों का गुस्सा सड़क पर उतर आया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं, पार्षदों और स्थानीय लोगों ने शनिवार को राजपुरा पुलिस चौकी का घेराव कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी नशे के कथित ठिकानों तक भी पहुंचे और वहां कार्रवाई की मांग को लेकर विरोध जताया।
प्रदर्शनकारियों ने क्षेत्र में स्मैक, चरस और अवैध शराब के कारोबार को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उनका कहना था कि नशे का बढ़ता कारोबार युवाओं को अपनी चपेट में ले रहा है और कई परिवारों पर इसका बुरा असर पड़ रहा है।
कांग्रेस जिला महामंत्री मलय बिष्ट और पार्षद प्रीति आर्या ने कहा कि नशे की वजह से क्षेत्र के कई परिवार परेशान हैं। उनका आरोप है कि नशे के कारोबार पर रोक लगाने के लिए जिस स्तर की कार्रवाई होनी चाहिए, वह नजर नहीं आ रही है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी और लगातार कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस नेता हेमंत साहू और पार्षद धर्मवीर ने आरोप लगाया कि राजपुरा क्षेत्र में स्मैक, चरस और अवैध शराब का कारोबार तेजी से फैल रहा है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो इसका सबसे ज्यादा असर क्षेत्र के युवाओं पर पड़ेगा।
पूर्व सहायक नगर आयुक्त विजेंद्र चौहान और पूर्व रामलीला कमेटी अध्यक्ष त्रिलोक बनौली ने कहा कि नशे के खिलाफ प्रशासन को गंभीरता से अभियान चलाना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो स्थानीय लोगों के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
प्रदर्शनकारियों ने यह भी मांग उठाई कि राजपुरा क्षेत्र में नशे के संदिग्ध ठिकानों को चिन्हित कर छापेमारी की जाए, नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई हो और युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाए।
प्रदर्शन में त्रिलोक बनौली, पंडित हरिप्रसाद, अरविंद वाल्मीकि, मधु कश्यप, माया कश्यप, भविष्य रावत, अशोक पांडे, दीपक आर्या, प्रकाश आर्या समेत करीब 200 लोग शामिल रहे।



लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
GKM News is a reliable digital medium of latest news updates of Uttarakhand. Contact us to broadcast your thoughts or a news from your area. Email: newsgkm@gmail.com




राजपुरा में नशे के खिलाफ फूटा गुस्सा, पुलिस चौकी का घेराव_तस्करों के ठिकानों तक पहुंचे पार्षद
भीमताल में कारोबारी पर जानलेवा हमला करने वाले तीन जेल भेजे गए, एक पर NBW
इंस्पिरेशन पब्लिक स्कूल में गूंजे सुर, वाद्य यंत्रों की शानदार प्रस्तुतियों ने जीता दिल
उत्तराखंड के न्याय देवता गोलज्यू के बाल जीवन की कहानी अब बड़े पर्दे पर, ‘बाला गोरिया’ का पोस्टर रिलीज
Uttrakhand_आमने-सामने बाइकों की भिड़ंत, भीषण हादसे में 3 युवकों की मौत, 6 घायल