कांग्रेस मंच पर शैलजा नेगी की मौजूदगी के सियासी मायने!



हल्द्वानी: सेना के सम्मान में आयोजित ‘जय हिंद सभा’ में कुछ ऐसा देखने को मिला जिसने सियासी गलियारों में हलचल पैदा कर दी है। इस कार्यक्रम में नैनीताल की चर्चित समाजसेविका शैलजा नेगी को पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने माला पहनाकर सम्मानित किया। मंच पर मौजूद कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने भी उनसे गर्मजोशी से बातचीत की और बधाई दी। इस मुलाकात की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।

गौरतलब है कि शैलजा नेगी वही महिला हैं जो नैनीताल में नाबालिग से दुष्कर्म की घटना के बाद बाजार बंद कराने के नाम पर उपद्रव करने वालों से सरेआम भिड़ गई थीं। उस वक्त उनका साहसिक रवैया सोशल मीडिया पर खूब सराहा गया और वे रातों-रात चर्चा में आ गई थीं। तब उन्हें एक बेखौफ आवाज़ के रूप में देखा गया, जो अन्याय के खिलाफ खड़ी हुई।
अब जब वे कांग्रेस के मंच पर सम्मानित होती दिखीं, तो सवाल उठने लगे हैं — क्या यह किसी राजनीतिक पारी की शुरुआत है? क्या कांग्रेस अब शैलजा की लोकप्रियता को सियासी हथियार बनाना चाहती है? राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि शैलजा नेगी की साफ़-सुथरी और बेबाक छवि कांग्रेस के लिए फायदे का सौदा हो सकती है, खासकर महिलाओं और युवाओं में पकड़ मजबूत करने के लिहाज़ से।
फिलहाल शैलजा ने किसी पार्टी में औपचारिक रूप से शामिल होने की घोषणा नहीं की है, लेकिन जय हिंद सभा में उनकी मौजूदगी कई तरह के संकेत दे रही है। नैनीताल की राजनीति में यह एक नया मोड़ साबित हो सकता है।

हल्द्वानी की ‘जय हिंद सभा’ में दिखी एकजुटता और जोश
उत्तराखंड कांग्रेस ने हल्द्वानी के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में ‘जय हिंद सभा’ का भव्य आयोजन किया। यह सभा भारतीय सेना द्वारा हाल ही में सफलतापूर्वक अंजाम दिए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को समर्पित रही, जिसमें सेना के जवानों ने अद्वितीय साहस, रणनीतिक कौशल और वीरता का परिचय दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान और सेना के शौर्य को समर्पित गीतों के साथ हुई। मुख्य वक्ताओं ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में भारतीय सेना की निर्णायक कार्रवाई की प्रशंसा करते हुए इसे भारत की सैन्य शक्ति और रणनीतिक परिपक्वता का प्रतीक बताया। कांग्रेस नेताओं ने एक सुर में कहा कि भारतीय सेना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि जब-जब देश पर संकट आया है, वह हर बार दुश्मनों को मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम रही है।
कांग्रेस नेताओं ने इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर भी जमकर हमला बोला। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह सेना के नाम पर बार-बार राजनीति करती है और राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे संवेदनशील विषयों को चुनावी मुद्दा बनाकर जनता की भावनाओं से खिलवाड़ करती है।
‘जय हिंद सभा’ में उत्तराखंड कांग्रेस के प्रमुख नेताओं की मौजूदगी ने यह संकेत स्पष्ट कर दिया कि पार्टी आगामी चुनावों को लेकर पूरी तरह से एकजुट और सक्रिय है। सभा में उत्तराखंड कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, राष्ट्रीय महासचिव काजी निजामुद्दीन, हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश, वरिष्ठ नेता रंजीत सिंह रावत और रिटायर्ड सैन्य अधिकारी एवं कांग्रेस नेता रोहित चौधरी सहित कई अन्य विधायक और नेता मौजूद रहे।
कुमाऊं और गढ़वाल क्षेत्रों से आए कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पूर्व सैनिकों की भारी भागीदारी इस बात का प्रमाण थी कि पार्टी के जमीनी स्तर पर समर्थन में कोई कमी नहीं है। सभा स्थल जयकारों, नारों और तालियों से गूंजता रहा, जो कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बढ़े हुए मनोबल का स्पष्ट संकेत था।



लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
GKM News is a reliable digital medium of latest news updates of Uttarakhand. Contact us to broadcast your thoughts or a news from your area. Email: newsgkm@gmail.com




FCRA पर राष्ट्रीय वेबिनार का सफल आयोजन
कुमाऊं विश्वविद्यालय के नए कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट ने संभाला कार्यभार
आज मां ने बुला लिया”, नंदा-सुनंदा महोत्सव में भावुक हुए सीएम धामी
मां नंदा-सुनंदा की भक्ति में सराबोर नैनीताल, सीएम धामी ने मांगी प्रदेश की सुख-समृद्धि
कल मां नंदा-सुनंदा की विदाई_नैनीताल-भवाली में ट्रैफिक बदला, कई रूट डायवर्ट, निकलने से पहले पढ़ें